नरायनपुर, मिर्जापुर। एस डी पी पब्लिक स्कूल निजामुद्दीनपुर, नरायनपुर में भारत विकास परिषद शाखा नरायनपुर की अध्यक्ष डॉ0 पूनम सिंह के अगुवाई में 29 नवंबर को भारत विकास परिषद द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र – छात्राओं, अध्यापक एवं अन्य स्टाफ का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में डॉ0 पूनम सिंह, डॉ0 सी बी तिवारी, डॉ0 अजीत सिंह, डॉ0 आर सी केशरी ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में सर्दी, नजला, जुखाम, बुखार, खांसी, सिर दर्द, दांत दर्द, मुंह से खून निकलना, मुंह से बदबू आना, छाती में दर्द, नाक, कान, गला, उच्च रक्तचाप, निम्न रक्तचाप, दूर दृष्टि, निकट दृष्टि आदि रोगों के साथ – साथ गंभीर बीमारियों का भी परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण पश्चात डॉ0 ओ पी सिंह और शिव कुमार जायसवाल ने बच्चों को चिकित्सक के निर्देशानुसार निःशुल्क दवा वितरित किए।
अभिषेक पैथालॉजी के डायरेक्टर डॉ0 अजीत सिंह ने बच्चों का निःशुल्क रक्त जाँच और एक्सरे किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ0 पूनम सिंह ने बच्चों को स्वस्थ कैसे रह सकते हैं के बारे में बताते हुए कहा कि आप सभी प्रति दिन सुबह सूर्य निकलने से पहले उठें, दैनिक क्रिया को अच्छी तरह से पूर्ण करें, प्रति दिन दांत साफ करें, अच्छी तरह से स्नान कर शरीर को साफ – सुथरा रखें, साफ – सुथरा कपड़े पहने। भोजन करने से पहले हाथों को अच्छी तरह मल कर धोएं। जब शरीर स्वास्थ्य रहेगा तो पढ़ने – लिखने में मन भी अच्छे से लगेगा। एक स्वास्थ्य शरीर में ही स्वास्थ्य मन रहता है और जब मन स्वास्थ्य रहता है तो बुद्धि का विकास भी तेजी से होता है तथा ज्ञानार्जन करना आसान हो जाता है। सर्दी का मौसम है, ठंड से अपने को बचाएं। गर्म कपड़े पहने, गुनगुना या ताजा पानी का सेवन करें। अपने बड़ों का कहना माने।
स्वास्थ्य परीक्षण का कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक चलता रहा। स्वास्थ्य शिविर में लगभग 200 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित किया गया।
इस मौके पर भारत विकास परिषद पूर्व अध्यक्ष डॉ0 ओ पी सिंह, संरक्षक शमशेर बहादुर सिंह, बाबू तेज नारायण सिंह, कोषाध्यक्ष अशोक केशरी, गतिविध संयोजक(महिला सहभागिता) अनुपमा सेठ, डॉ0 राम बलि सिंह, विद्यालय के व्यवस्थापक संजय जायसवाल, प्रधानाचार्य श्री प्रकाश यादव, डॉ0 दिनेश यादव आदि लोग उपस्थित रहे।
