बोलता प्रदेश संवाददाता
नरायनपुर, मिर्जापुर। मदरसा बोर्ड लखनऊ, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित मुंशी/मौलवी के प्रदेश स्तरीय सालाना बोर्ड परीक्षा में कासिम अली ने दूसरा स्थान लाकर जिले का मान बढ़ाया है।
कासिम अली मदरसा शहंशाह निस्वा अरबी कॉलेज शेरपुर, नरायनपुर में मुंशी/मौलवी(कक्षा 10) के छात्र हैं। मदरसा बोर्ड लखनऊ उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित मुंशी/मौलवी की सालाना बोर्ड परीक्षा सत्र 2026 – 27 के परीक्षा में कुल 537 अंकों के साथ 89.50 प्रतिशत लाकर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। परीक्षा का परिणाम आते ही कासिम के घर में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके दोस्त, रिश्तेदार और उनके चाहने वालों ने कासिम की कामयाबी पर मुबारकबाद दे रहे हैं।

मदरसा शहंशाह निस्वा अरबी कॉलेज शेरपुर नरायनपुर की प्रिंसिपल शाहीन बताती हैं कि कासिम पढ़ाई और व्यवहार दोनों में ही बहुत अच्छे हैं । वे टीचर्स के हरदिल अजीज हैं। वे दोस्तों की भी पढ़ाई में मदद करते हैं। सबके साथ मोहब्बत से पेश आते हैं। हम सब कासिम अली की कामयाबी पर काफी खुश हैं। उन्होंने कॉलेज और मिर्जापुर जिले का मान बढ़ाया है। उनकी इस कामयाबी के लिए मुबारकबाद देती हूँ। आगे की पढ़ाई में ऐसे ही कामयाब हो और अपने मां – बाप का नाम रौशन करें यही हमारी शुभकामनाएं हैं।
कासिम लल्लापूरा, वाराणसी के रहने वाले हैं। कासिम तीन बहनों के इकलौते लाडले भाई हैं। दो बहने कासिम से बड़ी और एक छोटी है। कासिम के अब्बू मुहम्मद साजिद हफीज व करी हैं, जो बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते हैं। मां फहमीदा बेगम गृहिणी हैं। इनके घर में पढ़ाई – लिखाई का काफी अच्छा माहौल है, शिक्षा का स्तर काफी उच्च है। कासिम का लक्ष्य भविष्य में डॉक्टर बनकर देश व समाज की सेवा करना है। ये सदा जीवन जीने में यकीन रखते हैं।
